42nd Uttarakhand Gold Cup
देहरादून। देवभूमि में क्रिकेट का रोमांच एक बार फिर चरम पर पहुंचने वाला है। देवभूमि गोल्ड कप क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित होने वाला प्रतिष्ठित 42nd Uttarakhand Gold Cup 2026 आगामी 22 मई से 7 जून तक खेला जाएगा। देशभर की दिग्गज टीमों और नेपाल की टीम की भागीदारी के साथ इस बार का टूर्नामेंट पहले से कहीं ज्यादा भव्य और प्रतिस्पर्धात्मक होने जा रहा है।
टूर्नामेंट को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में एसोसिएशन के सचिव पीसी वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार कुल 16 टीमें चार अलग-अलग ग्रुपों में विभाजित होकर खिताब के लिए संघर्ष करेंगी। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 7 जून को खेला जाएगा।
उन्होंने बताया कि विजेता टीम को 10 लाख रुपये नकद पुरस्कार और गोल्ड कप ट्रॉफी की प्रतिकृति प्रदान की जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को 7 लाख रुपये और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा हर मुकाबले में मैन ऑफ द मैच को 5 हजार रुपये तथा पूरे टूर्नामेंट के मैन ऑफ द सीरीज को 1 लाख रुपये का विशेष पुरस्कार दिया जाएगा। खिलाड़ियों के लिए कई व्यक्तिगत पुरस्कार भी निर्धारित किए गए हैं।
42nd Uttarakhand Gold Cup : इस बार टूर्नामेंट को आधुनिक क्रिकेट के अंदाज में और अधिक आकर्षक बनाया गया है। सभी मुकाबले सफेद गेंद से खेले जाएंगे और खिलाड़ी रंगीन ड्रेस में मैदान पर उतरेंगे, जिसकी व्यवस्था आयोजकों द्वारा की जाएगी। क्वार्टर फाइनल से मुकाबले नॉकआउट आधार पर होंगे, जबकि अधिकांश मैच डे-नाइट प्रारूप में आयोजित किए जाएंगे।
टूर्नामेंट के मुकाबले देहरादून के प्रमुख क्रिकेट मैदानों — महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और अल्फा क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। आयोजकों ने खिलाड़ियों के रहने, भोजन और परिवहन की विशेष व्यवस्था भी की है।
क्रिकेट प्रेमियों के लिए सबसे बड़ी बात यह है कि इस बार कई टीमों में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल खिलाड़ी भी मैदान में उतर सकते हैं, जिससे टूर्नामेंट का रोमांच और स्तर दोनों बढ़ने की उम्मीद है।
ग्रुप इस प्रकार हैं
- ग्रुप ए
- उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन,
- हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन,
- पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन,
- सहगल क्रिकेट क्लब
- ग्रुप बी
- दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन,
- क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड,
- ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन,
- इंडियन रेलवे
- ग्रुप सी
- त्रिपुरा क्रिकेट एसोसिएशन,
- झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन,
- रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया,
- ए एंड एस कोलकाता बंगाल
- ग्रुप डी
- गोवा क्रिकेट एसोसिएशन,
- केरला क्रिकेट एसोसिएशन,
- एल.बी. शास्त्री क्रिकेट क्लब,
- नेपाल क्रिकेट एसोसिएशन
इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव दत्ता, डॉ. जे.एस. सचान, योगेन्द्र बाजपाई, कुमार थापा, दीपक जोशी, संतोष गैरोला, संदीप सिंह रावत, देवेन्द्र सती, इन्दीवर सरल, एम.सी. शाह, पी.सी. कोठारी और डी.के. शर्मा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
‘नेक्स्ट जेन एकेडमी’ बनी टाइटल स्पॉन्सर, खेल के साथ AI शिक्षा पर भी फोकस
इस बार के उत्तराखंड गोल्ड कप की एक और बड़ी खासियत यह है कि वैश्विक शिक्षा कंपनी Nxt Gen Academy टूर्नामेंट की टाइटल स्पॉन्सर बनी है। कंपनी ने उत्तराखंड से अपने विशेष AI एजुकेशन अभियान की शुरुआत करने का फैसला किया है।
भारत, कनाडा और यूएई में सक्रिय यह संस्था अब उत्तराखंड के स्कूली बच्चों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल टूल्स की आधुनिक शिक्षा से जोड़ने की तैयारी कर रही है। कक्षा 5वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए विशेष AI मॉड्यूल, डिजिटल रिसोर्सेज और प्रैक्टिकल लर्निंग सिस्टम तैयार किए जाएंगे।
कंपनी प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि AI का उद्देश्य शिक्षकों की जगह लेना नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना है। उनका कहना है कि तकनीक के माध्यम से छात्रों में नई सोच, आत्मविश्वास और जिज्ञासा विकसित की जाएगी।
खेल और आधुनिक शिक्षा के इस अनूठे संगम के साथ 42वां उत्तराखंड गोल्ड कप 2026 केवल क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने वाला बड़ा मंच बनने जा रहा है।


